logo

Ranchi : अंकिता के परिवार से मिलने पहुंचे कपिल मिश्रा और मनोज तिवारी, कही ये बड़ी बात

a725.jpg

दुमका: 

दिल्ली बीजेपी नेता कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी बुधवार को दुमका पहुंचे। दोनों नेताओं ने दुमका के जरुवाडीह स्थित अंकिता के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान वहां काफी गहमा-गहमी दिखी। बता दें कि अंकिता की मौत के 1 दिन बाद ही गोड्डा से बीजेपी के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट करके ऐलान किया था कि वे जल्दी ही कपिल मिश्रा और मनोज तिवारी के साथ अंकिता के घर जाएंगे और परिजनों से मिलेंगे।

गौरतलब है कि अक्सर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले कपिल मिश्रा ने कुछ महीने पहले हजारीबाग में हुई राकेश पांडेय हत्याकांड के समय भी झारखंड का दौरा किया था लेकिन तब प्रशासन ने उनको हजारीबाग जाने की इजाजत नहीं दी थी।

 

अंकिता के परिवार वालों को आर्थिक सहायता
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने अंकिता के परिजनों के लिए क्राउड फंडिंग के जरिए तकरीबन 30 लाख रुपये की बड़ी रकम जुटाई है। बकौल कपिल मिश्रा वे अंकिता के परिजनों को ढांढ़स बंधाने और जुटाई गई रकम उनको सौंपने आए हैं। गौरतलब है कि बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने मनोज तिवारी और कपिल मिश्रा को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रिसीव किया और सड़क मार्ग से उनको दुमका ले गए। दुमका की रहने वाली अंकिता की 28 अगस्त को मौत हो गई थी। 23 अगस्त को शाहरुख नाम के मनचले ने अंकिता को आग के हवाले कर दिया था जिसमें वो बुरी तरह  झुलस गई थी। 

निशिकांत दुबे ने दिया सहायता का भरोसा
अंकिता के परिजनों से मिलने पहुंचे कपिल मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार ने अंकिता को मरने दिया। आपकी जिम्मेदारी बनती है कि आप इस परिवार के साथ खड़े हों। वहीं, सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंकिता के परिवार का खयाल रखेगी। बीजेपी डेलिगेशन के अंकिता के घऱ पहुंचने पर वहां सुरक्षा का भी कड़ा इंतजाम दिखा। 

मुख्य आरोपी शाहरुख सहित 2 लोग गिरफ्तार
बता दें कि मामले में झारखंड पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहरुख सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा आरोपी नईम है। नईम ने पुलिस के सामने अपने इकबालिया बयान में बताया है कि शाहरुख को उसने ही पेट्रोल लाकर दिया था। मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है। जांच टीम छानबीन कर रही है।